उदयपुर नगर निगम मार्च महीने में यूडी टैक्स नहीं देने वालो के खिलाफ सख्त रवैया अपनाए हुए है। मंगलवार का नगर निगम के राजस्व विभाग ने कार्यवाही करते हुए ठौकर चौराहे पर फाइव स्टार गार्डन को सीज किया। गार्डन का वर्ष 2007 से लेकर 2023 तक का 8,22,202 रूपए यूडी टैक्स बाकी था।

नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश के निर्देश पर राजस्व विभाग के नितिश भटनागर और उनकी टीम ने कार्यवाही को अंजाम दिया।
राजस्व विभाग के अतिरिक्त राजस्व अधिकारी विनोद अग्रवाल ने बताया कि ठौकर चौराहे पर स्थित फाइव स्टार गार्डन के मालिक राजेन्द्र मेहता पिता वीर चंद मेहता को नगर निगम ने नोटिस जारी कर यूडी टैक्स जमा करवाने का नोटिस जारी किया था। राजेन्द्र मेहता के गार्डन का वर्ष 2007 से लेकर 2023 तक का 8,22,202 रूपए यूडी टैक्स के रूप में बाकी था। इसके लिए निगम की ओर से जारी नोटिस को भी मेहता ने तामिल कर दिया लेकिन किसी प्रकार जवाब नहीं देने से नगर निगम के राजस्व विभाग ने मंगलवार को फाइव स्टार गार्डन को सीज कर दिया। आगामी आदेश तक गार्डन सीज रहेगा।
इधर नगर निगम के अतिक्रमण निरोधी दस्ते ने मंगलवार को दूधतलाई पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ कार्यवाही को अंजाम दिया। नगर निगम की टीम पूरे लवाजमें के साथ मौके पर पहुंची और टीम के सदस्यों ने कार्यवाही करते हुए सरकारी जमीन पर अस्थाई रूप से किए गए अतिक्रमण को हटाया। इस दौरान होम गार्ड के जवान मौके पर मौजूद थे।