उदयपुर में यूडी टैक्स बकाया रखने वालों के खिलाफ नगर निगम ने सख्ती तेज कर दी है। गुरुवार सुबह करीब 6 बजे निगम की टीमों ने शहर के दो बड़े शैक्षणिक संस्थानों—BN यूनिवर्सिटी और RMV महिला कॉलेज—में कार्रवाई करते हुए उनके रजिस्ट्रार ऑफिस सीज कर दिए।
परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए निगम ने कॉलेज के मुख्य द्वार की बजाय सीधे रजिस्ट्रार ऑफिस को सील किया, ताकि छात्रों की पढ़ाई और एग्जाम पर कोई असर न पड़े। कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके पर नोटिस भी चस्पा किए।

दोनों संस्थानों पर कुल मिलाकर 30 लाख रुपए से ज्यादा का यूडी टैक्स बकाया है। इसमें BN यूनिवर्सिटी पर लगभग 25 लाख और RMV कॉलेज पर करीब 5 लाख रुपए लंबे समय से बकाया थे। कई बार नोटिस देने के बावजूद संस्थानों की ओर से कोई संतोषजनक प्रतिक्रिया नहीं मिली। नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देश पर रेवेन्यू टीम—जिसमें मोहित अग्निहोत्री, विजय जैन और राहुल मीणा शामिल थे—ने सुबह तड़के यह कार्रवाई की। टीम ने बिना किसी व्यवधान के पूरी प्रक्रिया को अंजाम दिया।
निगम ने इस वित्तीय वर्ष के लिए 20 करोड़ रुपए यूडी टैक्स वसूली का लक्ष्य रखा है, जिसमें से 26 मार्च तक 17.60 करोड़ रुपए की वसूली हो चुकी है। आयुक्त खन्ना ने चेतावनी दी है कि जो भी प्रॉपर्टी मालिक समय पर टैक्स जमा नहीं करेंगे, उनके खिलाफ भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी।




