उदयपुर। नगर निगम के राजस्व विभाग ने बुधवार को शहर के फतहपुरा क्षेत्र में एक ऐसी वाटिका को सीज कर दिया, जिसका यूडी टैक्स पिछले 17 सालों से बाकी था और वाटिका संचालक नगर निगम के नोटिस का भी जवाब नहीं दे रहा था। बुधवार को नगर निगम की राजस्व विभाग की टीम ने वाटिका को सीज कर दिया और मेनगेट पर नोटिस चस्पा कर दिया।

नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश ने बताया कि फतहपुरा क्षेत्र में जनक वाटिका के मालिक राजकुमार ताराचंद पटेल को नगर निगम ने नोटिस जारी किया और नोटिस के माध्यम से 19,58,369 रूपए यूडी टैक्स बाकी होने की जानकारी दी। पटेल ने नगर निगम के नोटिस को हल्के में लिया और नोटिस का जवाब तक नहीं दिया। इस पर नगर निगम के राजस्व विभाग के अधिकारी नितिश भटनागर के निर्देशन में सहायक प्रशासनिक अधिकारी विनोद अग्रवाल और उनकी टीम मौके पर पहुंची और टीम के सदस्यों ने जनक वाटिका को सीज कर दिया। नोटिस में यह स्पष्ट कर दिया कि सीज के दौरान यहां पर किसी प्रकार की गतिविधि होती है तो नगर निगम की ओर से कानूनी कार्यवाही की जाएगी। इसके अलावा नोटिस में आगामी आदेश तक वाटिका को सीज रहने देने की बात कही है।
यूडी टैक्स वसूलने का यह अभियान रहेगा जारी
नगर निगम के आयुक्त राम प्रकाश ने बताया नगर निगम की ओर से यूडी टैक्स वसूलने में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं छोडी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम को यूडी टैक्स मिलता है तो वह शहर के विकास में कई नए कार्य करवा पाएगें।