उदयपुर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की इंटेलीजेंस यूनिट ने राज्य बीमा एवं प्रावधायी निधि विभाग में कार्यरत वरिष्ठ सहायक (यूडीसी) शेखर मथुरिया को एक लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पर डेथ क्लेम पास कराने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
एसीबी के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि परिवादी की भांजी, जो कि सरकारी शिक्षिका थी, की मृत्यु के बाद डेथ क्लेम की राशि पास कराने के लिए विभाग में आवेदन किया गया था। आरोप है कि आरोपी कर्मचारी ने क्लेम फाइल में कमियां बताकर परिवादी को लगातार परेशान किया और ज्यादा क्लेम राशि पास कराने के नाम पर 7.50 लाख रुपए की रिश्वत मांग ली।

परिवादी और आरोपी के बीच 11 मई को 1.50 लाख रुपए देने पर सहमति बनी थी। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। मंगलवार को आरोपी शेखर मथुरिया को पहली किश्त के रूप में एक लाख रुपए लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
यह कार्रवाई एसीबी उदयपुर यूनिट की प्रभारी पुलिस निरीक्षक डॉ. सोनू शेखावत ने उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में की। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की जांच की जा रही है।




