उदयपुर। शहर में युवाओं और मेडिकल छात्रों तक नशे की पहुंच को लेकर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने गीतांजली मेडिकल कॉलेज के पास स्थित एक रेस्टोरेंट पर कार्रवाई करते हुए 351.3 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। कार्रवाई में डॉग स्क्वॉड की अहम भूमिका रही, जिसने किचन में छिपाकर रखा गया गांजा सूंघकर पकड़ लिया। पुलिस ने मौके से 19 वर्षीय आरोपी गगन मेनारिया को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार ANTF टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि गीतांजली हॉस्पिटल रोड स्थित “बाघ व्यू काठियावाड़ी रेस्टोरेंट” में चोरी-छिपे मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं को गांजा सप्लाई किया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए रेस्टोरेंट पर दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान ANTF के प्रशिक्षित डॉग ने सीधे रेस्टोरेंट की किचन में जाकर एक पारदर्शी प्लास्टिक थैली की ओर इशारा किया और लगातार भौंकने लगा। पुलिस ने जब थैली की जांच की तो उसमें 351.3 ग्राम गांजा मिला। इसके बाद पुलिस ने मौके पर मौजूद आरोपी गगन मेनारिया को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी हिरणमगरी सेक्टर-4 का निवासी है और लंबे समय से मेडिकल कॉलेज के आसपास छात्रों को गांजा सप्लाई कर रहा था। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं तथा गांजे की सप्लाई कहां से की जा रही थी। एएनटीएफ महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एम.एन. के निर्देशन में प्रदेशभर में नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उदयपुर में हुई यह कार्रवाई भी उसी अभियान का हिस्सा है। पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।




