बांसवाड़ा में भारत आदिवासी पार्टी (BAP) से जुड़े नेता के भाई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। परिजनों ने पीट-पीटकर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस प्रेम-प्रसंग के एंगल से जांच कर रही है।
रात 2 बजे झाड़ियों में मिले घायल
पुलिस के अनुसार, बीएपी नेता अशोक निनामा के भाई अनिल (28) खमेरा थाना क्षेत्र के काली मगरी इलाके में गंभीर घायल अवस्था में मिले। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
सरपंच ने दी लोकेशन, परिजनों ने पहुंचकर बचाया
पुलिस के अनुसार अनिल बांसलिखेड़ा के रहने वाले थे। वे अपने घर से करीब 6 किलोमीटर दूर झाड़ियों में घायल मिले थे। जांच में अशोक निनामा ने बताया है कि रात करीब 2 बजे उनके पास सरपंच प्रकाश का कॉल आया था। सरपंच ने पूछा कि – तुम्हारा भाई कहां है? अशोक के अनुसार, सरपंच ने उन्हें लोकेशन बताई और कहा कि – अनिल यहां पड़ा है, आकर ले जाओ।

झाड़ियों में बचाने की गुहार लगा रहा था अनिल
परिजनों के साथ जब अशोक बताए गए स्थान काली मगरी के पास पहुंचे। उन्हें झाड़ियों से अनिल की चीखने की आवाज आई। अशोक ने बताया- मेरा भाई बचाओ-बचाओ चिल्ला रहा था। जब हम उनके पास पहुंचे तो वह बहुत बुरी हालत में था। उसने बताया कि रात करीब साढ़े 12 बजे से उसे घसीट-घसीट कर पीटा गया है। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और अनिल को गंभीर हालत में पहले स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से अनिल को बांसवाड़ा रेफर किया गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला
घाटोल डिप्टी महेंद्र मेघवंशी ने बताया कि प्रेम-प्रसंग के एंगल से जांच की जा रही है। घटना के बाद युवक अनिल से रात में पुलिस ने बयान भी ले लिए थे। एसपी सुधीर जोशी ने बताया कि अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है। पुलिस कॉल डिटेल्स की भी जांच कर रही है।





