राजस्थान में मंगलवार से मौसम बदलने के आसार है और एक बार फिर लोगों को सर्दी का अहसास हो सकता है। उत्तरी भारत से चलने वाली ठंडी हवा का राजस्थान सहित कई राज्यों के में इसका असर रह सकता है। हांलाकि प्रदेश के बीकानेर, जयपुर संभाग के जिलों में रात के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है वहीं कुछ असर लेकसिटी पर भी दिखाई दे सकता है। सर्दी का असर दो तीन दिन रहने के बाद फिर से 7 मार्च बाद तापमान बढ़ सकता है और इससे लोगों को तेज गर्मी का अहसास होने लगेगा। इससे पहले सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सो में गर्मी ने लोगों को परेशान भी किया।

अब आगे इस तरह रहेगा मौसम
जयपुर मौसम विज्ञान केन्द्र ने राज्य में 7-8 मार्च तक मौसम साफ रहने और तापमान में उतार-चढ़ाव होने की संभावना जताई है। इस दौरान 5-6 मार्च को न्यूनतम तापमान में गिरावट होने, जबकि दिन के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना जताई है। शेखावाटी के एरिया में कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे जा सकता है। वहीं, बाड़मेर, जालोर के एरिया में दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जाने की संभावना है।
होली के बाद पूरे प्रदेश में शुरू होगी तेज गर्मी
होली के त्यौहार के बाद प्रदेशवासियों को तेज गर्मी का अहसास होगा। कई जिलों में तापमान तेजी से परिवर्तित होगा लेकिन कुछ जिलो में रात को हल्की ठंडक महसूस होगी। खासकर चूरू सहित आसपास के जिलो में तापमान में तेजी से बढ़ोत्तरी होने वाली है।