उदयपुर और आसपास के आदिवासी अंचल के बाद बुधवार को सलूम्बर शहर में तेंदुए के पहुंचने से पूरा शहर सहम उठा। बुधवार की सुबह सलूम्बर के नागदा बाजार में व्यापारियों ने लेपर्ड को देखा तो उनके होश उड़ गए। इसके बाद व्यापारियों ने शोर मचाया तो तेंदुआ तेजी से भागकर एक मकान की छत पर चढ़ गया। उसके बाद तेंदुए एक मकान से दूसरे मकान की छत पर घुमता रहा।

वहीं लोगों ने तेंदुए के आबादी क्षेत्र में आ जाने की वन विभाग को सूचना दी। इसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उसको रेस्क्यू करने का प्रयास शुरू हुआ। सलूम्बर के साथ—साथ उदयपुर से वन विभाग की टीमें सलूम्बर पहुंची। सलूंबर के क्षेत्रीय वन अधिकारी दिलीप सिंह चौहान ने बताया कि सूचना मिलने पर स्थानीय वनकर्मियों को मौके पर भेजा और उदयपुर से भी टीम को बुलाया गया। तेंदुए को रेस्क्यू के प्रयास शुरू किए गए।
तेंदुए को सबसे पहले बच्ची ने देखा ओर शोर मचाया
जानकारी के अनुसार सलूम्बर शहर के नागदा बाजार में बुधवार को आबादी क्षेत्र में तेंदुए को सबसे पहले एक बच्ची ने देखा और उसके बाद उसने शोर मचाया तो मौके पर कई व्यापारी और स्थानीय लोग जमा हो गए। लोगों के एक साथ चिल्लाने से तेंदुआ एक मकान की छत पर चढ़कर गया। आबादी क्षेत्र में घबराए लोगों ने आनन-फानन में वन विभाग को सूचना दी। इस दौरान लोगों ने तेंदुए के मूवमेंट का वीडियो बना लिया। लेपर्ड छत की मुंडेर पर खड़ा होकर नीचे झांकता नजर आ रहा है। वहीं पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।