सविना की वीआईपी कॉलोनी में चल रहा था अवैध रिफिलिंग का काम, आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू
उदयपुर। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बाद गैस सिलेंडरों की मांग में बढ़ोतरी के बीच उदयपुर में कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों से अवैध रिफिलिंग का मामला सामने आया है। जिला रसद विभाग (DSO) की टीम ने कार्रवाई करते हुए 6 कॉमर्शियल सिलेंडर जब्त किए हैं।
उदयपुर कलेक्टर नमित मेहता ने बताया कि कॉमर्शियल सिलेंडरों के अवैध उपयोग और रिफिलिंग के खिलाफ जिले में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। अवैध रिफिलिंग की सूचना मिलने पर रसद विभाग की प्रवर्तन अधिकारी मानसी पंड्या और प्रवर्तन निरीक्षक डॉ. कोमल सिंह सोलंकी सहित टीम ने सविना क्षेत्र स्थित वीआईपी कॉलोनी में आकस्मिक निरीक्षण किया।

जांच के दौरान टीम को व्यावसायिक गैस सिलेंडरों से अवैध रिफिलिंग करते हुए पाया गया। मौके से 6 व्यावसायिक गैस सिलेंडर जब्त किए गए।
जिला रसद अधिकारी ने बताया कि इस मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग या दुरुपयोग की जानकारी मिले तो इसकी शिकायत कंट्रोल रूम में करें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।





