उदयपुर। लेकसिटी में एक बार फिर भीषण गर्मी और उमस लोगों को काफी परेशान कर रही है। पिछले कुछ दिनों में तापमान में जबरदस्त बढ़ोतरी देखी गई है। दिन में चिलचिलाती धूप और रात को भी गर्म हवाओं ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है और आसमान से आग बरसने जैसा माहौल बना हुआ है। सोमवार को मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 42 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया तो वहीं दूसरी और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले रविवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

तापमान में वृद्धि होने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। दिन में सड़कों पर सन्नाटा दिखाई देता है, लोग दोपहर के समय घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। स्कूल जाने वाले बच्चे और कामकाजी लोग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। बाजारों में भी भीड़ कम हो गई है और दुकानदार गर्मी से परेशान नजर आ रहे हैं। सबसे ज्यादा परेशानी उमस की वजह से हो रही है। गर्म हवाओं के साथ-साथ हवा में नमी भी बढ़ गई है, जिससे पसीना निकलने के बाद भी राहत नहीं मिलती। कई लोग चक्कर आने, सिरदर्द, घबराहट और थकावट जैसी समस्याओं की शिकायत कर रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि इस मौसम में ज्यादा से ज्यादा पानी पीना चाहिए और धूप में निकलने से बचना चाहिए।
आने दिनों में और बढ़ सकती है गर्मी
मौसम विभाग की माने तो अगले कुछ दिनों तक मौसम में बदलाव की संभावना नहीं है। आने वाले कुछ दिनों तक आसमान साफ और मौसम शुष्क बना रहेगा। तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि जिले में हीटवेव (लू) का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है, लेकिन तापमान और उमस की स्थिति को देखते हुए लोग सावधानी बरतें। विशेषज्ञों का कहना है कि यह मौसम स्वास्थ्य के लिए खतरनाक हो सकता है, खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों के लिए। ऐसे में जरूरी है कि लोग सुबह और शाम के समय ही बाहर निकलें, हल्के और ढीले कपड़े पहनें, छाता या टोपी का इस्तेमाल करें और शरीर को हाइड्रेट रखें।