उदयपुर। मेवाड़ के पूर्व राज परिवार के सदस्य अरविंद सिंह मेवाड़ (80) सोमवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। महासतिया में उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार के दौरान उनके पुत्र डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड ने मुखाग्नि दी। इस मौके पर अरविंद सिंह मेवाड के भतीजे और नाथद्धारा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड भी मौजूद थे। अरविंद सिंह मेवाड की अंतिम यात्रा के महासतिया पहुंचने के बाद विश्वराज सिंह मेवाड महासतिया पहुंचे और उनको श्रद्धाजंलि अर्पित की।

अरविंद सिंह मेवाड का राजशाही विधि विधान से अंतिम संस्कार हुआ। अरविंद सिंह मेवाड पिछले लम्बे समय से बीमार चल रहे थे और उनका शंभू निवास में डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा था। रविवार सुबह अरविंद सिंह मेवाड के निधन की सूचना के बाद शोक की लहर फैल गई। अरविंद सिंह मेवाड़ के पिता भगवत सिंह मेवाड़ और माता सुशीला कुमारी मेवाड़ थे।
नाथद्धारा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड भी अंतिम संस्कार में हुए शामिल
मेवाड राजपरिवार के पूर्व सदस्य और नाथद्धारा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड ने अरविंद सिंह मेवाड की अंत्योष्टि में शामिल होने के लिए महासतिया पहुंचे। इससे पहले रविवार को अरविंद सिंह मेवाड के निधन पर विश्वराज सिंह मेवाड ने एक शोक पत्र जारी कर अंतिम संस्कार में शामिल होने की बात कही थी। इसके बाद वे सोमवार को अंतिम यात्रा में शामिल होने की बजाय सीधे महासतिया पहुंचे और श्रद्धाजलि अर्पित की।
बहनों के गले लगकर भावुक हुए लक्ष्यराज सिंह मेवाड़
पिता अरविंद सिंह मेवाड़ के निधन के बाद पार्थिव देह को शंभू निवास के बाहर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। इस दौरान लक्ष्यराज सिंह मेवाड अपनी दोनों बहनों को गले लगाकर भावुक हो गए। कुछ देर तक गले लगे रहने के बाद बहनों को छोडा।
शोक प्रकट करने के लिए पहुंची कई हस्तिया
अरविंद सिंह मेवाड के निधन के बाद सोमवार को पुष्पाजंलि अर्पित करने के लिए कई हस्तिया उदयपुर पहुंची और एक—एक कर सिटी पहुंचने के बाद शोक संवेदना व्यक्त की गई। इस दौरान पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया,
ताज ग्रुप के सीईओ पुनित चटवाल, शिव (बाडमेर) विधायक रविन्द्र सिंह भाटी, कवि और डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड के खास मित्रों में शामिल शैलेश लोढ़ा, पूर्व विधायक प्रीति शक्तावत, पूर्व क्रिकेटर अजय चौबीसा, भजन गायक छोटू सिंह रावणा सहित कई लोग पहुंचे और सिटी पैलेस के शंभू निवास पहुंचकर पुष्पाजंलि अर्पित की। इस मौके पर उदयपुर जिला कलेक्टर नमित मेहता व जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने भी अरविंद सिंह मेवाड को श्रद्धाजंलि अर्पित की। इस दौरान सभी लोगों ने पुष्पाजंलि के बाद डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया साथ ही ईश्वर से प्रार्थना की कि इस दुख की घडी में लक्ष्यराज सिंह मेवाड को धैर्य प्रदान करे।
शाही लवाजमें के साथ निकली अंतिम यात्रा
अरविंद सिंह मेवाड की अंतिम यात्रा मंत्रोच्चार और बैंड बाजा की धुन पर निकली। अंतिम यात्रा के शुरू होने के साथ ही लक्ष्यराज सिंह मेवाड ने अपने पिता की अर्थी को कंधा दिया और कुछ दूरी तक कंधा देकर चलते रहे। अंतिम यात्रा में शामिल होने वाले लोगों की संख्या हजारों में होने की वजह से अंतिम यात्रा एक किलोमीटर से भी अधिक लम्बी थी।
महासतिया में हुआ अंतिम संस्कार
मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार के सदस्यों का अंत्योष्टि स्थल महासतिया होने की वजह से अरविंद सिंह मेवाड का भी अंतिम संस्कार यहीं पर किया गया। महासतिया आयड़ क्षेत्र में गंगू कुंड के पास स्थित है। ‘महासतिया’ उस जगह को कहते हैं, जहां मेवाड़ राजपरिवार के सदस्यों का पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार अंतिम संस्कार किया जाता है। यहां सबसे पहले वर्ष 1615 में महाराणा अमरसिंह प्रथम का अंतिम संस्कार किया गया था। तब से यह राजपरिवार का अंत्येष्टि स्थल बन गया। तभी से यहां सभी पूर्व महाराणाओं का अंतिम संस्कार किया जा रहा है। यहां हेरिटेज लुक में सैकड़ों छतरियां बनी हैं।