उदयपुर। नगर निगम में भाजपा बोर्ड का कार्यकाल समाप्त होने के बाद राज्य सरकार की ओर से लगाए गए प्रशासक के बाद अधिकारी एक्शन में दिखाई दे रहे है। निगम का अतिक्रमण निरोधी दस्ता जहां एक और शहर में अतिक्रमण के खिलाफ कार्यवाही कर रहा है तो वहीं दूसरी और एक बार फिर गुरूवार को राजस्व विभाग ने यूडी टैक्स जमा नहीं करवाने वालो के खिलाफ कार्यवाही को अंजाम दिया है।

नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश के निर्देश पर राजस्व अधिकारी नितेश भटनागर और सहायक प्रशासनिक अधिकारी विनोद अग्रवाल ने शहर के अश्विनी बाजार में 6 दुकानों सहित चार मंजिला भवन को सीज किया साथ ही लोहा बाजार में एक गोदाम सहित 4 दूकानों को सीज करने की कार्यवाही को अंजाम दिया। नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश ने बताया कि अश्विनी बाजार मैन रोड पर सोहनलाल ताराचंद कोठारी का 7 लाख से अधिक यूडी टैक्स बाकी चल रहा था। नगर निगम की और से नोटिस जारी करने के बाद भी उस पर ध्यान नहीं दिया गया और यूडी टैक्स जमा नहीं करवाया।
इस पर गुरूवार को नगर निगम की टीम ने ग्राउंड फ्लोर पर बनी 6 दुकानों सहित ऊपर की तीन मंजिलों को भी सीज किया गया। वहीं हाथीपोल के लोहा बाजार स्थित ताहीर अली का यूडी टैक्स 10 लाख से अधिक बकाया था। इस पर निगम की टीम ने इनको भी नोटिस दिया लेकिन बावजूद टैक्स जमा नहीं करवाने पर मटेरियल गोदाम और चार दूकानें सीज की गई। निगम आयुक्त ने बताया कि बकाया नगरीय विकास जमा नहीं करवाने वालों के खिलाफ निगम की कारवाई आगे भी जारी रहेगी।