भारत पाकिस्तान के बीच विवाद के दौरान केन्द्र सरकार के आपरेशन सिंदूर की सफलता को लेकर पूरे देश में भाजपा की ओर से तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। इसी कडी में शुक्रवार को उदयपुर में टाउन हॉल परिसर से तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस यात्रा को पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह यात्रा शहर के विभिन्न मार्गो से होते हुए फिर से टाउन हॉल पहुंची।

इस यात्रा का उद्देश्य जन—जन तक आपरेशन सिंदूर की सफलता को पहुंचाने के साथ हमारी देश की सेना का मनोबल बढ़ाना था। तिरंगा यात्रा में सर्व समाज, विभिन्न सामाजिक व्यापारिक धार्मिक संगठनों, उद्योगपतियों, स्कूली एवं कॉलेज के छात्र-छात्राओं की सहभागिता दिखाई दी। टॉउन हॉल परिसर में हजारों की संख्या में लोग इकठ्ठा हुए और उसके बाद इस यात्रा का आगाज किया गया। टाउन हॉल से प्रारंभ होकर बापूबाजार, सूरजपोल, झीनीरेत, मुखर्जी चौक, सिंधीबाजार, मोचीवाडा, भड़भूजा घाटी, तीज का चौक, देहलीगेट, बापूबाजार होते हुए पुनः टाउन हॉल पहुंची, जहां पर विशाल सभा में परिवर्तित हो गई।
तिरंगा यात्रा की खास बात यह रही कि इसमें भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि पीछे की ओर चलें। इनसे आगे महिला शक्ति एवं पूर्व सैन्य अधिकारिया के साथ शहर के नागरिक, विभिन्न समाज एवं संगठनों के प्रतिनिधि, व्यापारी एवं उद्योगपति, एडवोकेट्स, सीए, छात्र संगठन, स्कूल के छात्र—छात्राएं, महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं, साधु संत, चिकित्सक, व्यापार संघ के पदाधिकारी,एनएसएस, एनसीसी, स्काउट के जवान, मजदूर संगठन सहित अन्य संगठनों के पदाधिकारी भारत माता की के उद्घोष एवं तिरंगा हाथ में लेकर दिखाई दिए।
#
तिरंगा यात्रा में लोगों को दिखा भारी उत्साह
भारत पाकिस्तान के बीच उपजे विवाद के बाद मोदी सरकार के आपरेशन सिंदूर की सभी ने मिलकर सराहना की और आगे भी इस तरह के आपरेशन चलाने की मांग की ताकि पाकिस्तान हमारे देश को नुकसान नहीं पहुंचा सके। शुक्रवार को तिरंगा यात्रा में शामिल हुए सभी वर्गो के लोगों को भारी उत्साह देखा गया। सभी ने तिरंगा यात्रा में बढ़चढ़कर भाग लेते हुए आगे भी इस तरह के आपरेशन के माध्यम से पाकिस्तान की नापाक हरकतों का मुंहतोड जवाब देने की मांग की।
तिरंगा यात्रा में शामिल हुए भाजपा के नेता
टाउन हॉल से निकाली गई तिरंगा यात्रा को पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तो वहीं दूसरी और इस यात्रा में उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, चित्तौडगढ़ सांसद सीपी जोशी, भीलवाडा सांसद दामोदर अग्रवाल तिंरगा यात्रा की संभागीय प्रभारी दिप्ति माहेश्वरी, भाजपा प्रदेश मंत्री पिंकेश पोरवाल, शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, पूर्व महापौर जीएस टांक सहित कई नेता शामिल हुए।
तिरंगा यात्रा में 101 फीट का तिरंगा
टाउन हॉल से निकली तिरंगा यात्रा में 101 फीट लम्बा तिरंगे को यात्रा में शामिल किया गया। सैकड़ो लोगों ने तिरंगे को सम्मान के साथ हाथ में लेकर यात्रा निकाली। इस तिरंगे को पकडने के लिए लोगों में भारी उत्साह नजर आया। इसके अलावा इस यात्रा में शामिल हुए सभी लोगों के हाथ में तिरंगा दिखाई दिया और सभी लोगों ने यह संदेश देने की कोशिश की कि देश का तिरंगा हमेशा उंचा रहना चाहिए।