महाशिवरात्रि के पावन पर पर्व पर मेवाड के महाराजा भगवान एकलिंगनाथ के दर्शनों के लिए भक्तों की भारी भीड उमड़ी। बुधवार अलसुबह से एकलिंगजी मंदिर के बाहर दर्शनों के लिए भक्तों की भारी भीड लग गई। मंदिर में भगवान एकलिंगनाथ की पूजा के बाद दर्शनों के लिए गेट खुलते ही हजारों भक्तों ने दर्शन किए। एकलिंगनाथ के दर्शन के लिए मंदिर के मेनगेट से उदयपुर रोड की तरफ करीब 500 मीटर से ज्यादा लंबी कतारें दिखाई दी। यहां पर दर्शनों के लिए जिला प्रशासन की ओर से पुख्ता व्यवस्था की गई थी। खास बात यह है कि यहां पर भक्त कतारबद्ध होकर दर्शन कर सके इसके लिए बेरिकेटिंग की गई वहीं सुरक्षा में 400 से अधिक जवान तैनात किए गए। वहीं अस्थाई रूप से बस स्टेंड भी बनाया गया ताकि बसों को वहीं पर रोका जा सकें।

इधर शहर के महाकाल मंदिर में भी अलसुबह से भक्तों की कतारे लग गई। भक्तों ने महाकाल मंदिर में जलाभिषेक के साथ—साथ दुग्धाभिषेक किया। यहां पर आए भक्त दान पुण्य करते दिखाई दिए। मंदिर में दर्शनों के लिए विशेष इंतजाम किए गए।
महाकाल मंदिर के साथ शहर के अन्य सभी शिवालयो में भक्तों की अच्छी खासी भीड दिखाई दी। नीलकंठ महादेव मंदिर के साथ शहर के समीप गुप्तेश्वरजी, झामेश्वरजी, उबेश्वरजी सहित अन्य मंदिरो में जलाभिषेक किया गया। महाशिवरात्रि के अवसर पर भक्त भक्ति में डूबे नजर आए। महाकाल मंदिर में भक्तों ने भजनों पर जमकर नृत्य किया।