राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया है। बुधवार को बाड़मेर में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। वहीं लेकसिटी में बुधवार को तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार चले जाने से दुपहिया वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे पहले मंगलवार को उदयपुर में दोपहर के बाद मौसम में बदलाव आने से शाम को तापमान में कमी देखी गई।

मौसम विभाग जयपुर ने बुधवार को जैसलमेर और बाड़मेर में हीटवेव का रेड अलर्ट जारी कर रखा है। वहीं, 11 जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट है। इधर, भारतीय मौसम विभाग, नई दिल्ली ने इस सीजन के मानसून का फोरकास्ट जारी कर दिया है। इस बार राजस्थान सहित देश के कई राज्यों में मानसून में औसत (सामान्य) से अधिक बारिश होने की संभावना है। राजस्थान के सभी हिस्सों में मानसून की अच्छी बारिश होने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने इस बार हिंद महासागर में इंडियन ओशन डायपोल की स्थिति न्यूट्रल रहने की संभावना जताई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि राजस्थान में पूर्व के साथ-साथ इस बार पश्चिम में भी अच्छी बारिश होगी।
मंगलवार को सबसे ज्यादा तापमान बाड़मेर में 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जैसलमेर में भी दिन का तापमान एक डिग्री सेल्सियस बढ़कर 45 पर पहुंच गया। फलोदी में 44.4, चित्तौड़गढ़ में 43.1, जालोर में 42.4, बीकानेर व श्रीगंगानगर में 42.3, जोधपुर में 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। ये सभी शहर दिन में हीटवेव की चपेट में रहे।