लहरिया प्रतियोगिता में पार्षदों की बजाए निगम महिला कर्मचारी व सफाईकर्मी लेगी भाग

उदयपुर। सहेलियों की बाडी व फतहसागर झील किनारे लगने वाला हरियाली अमावस्या का मेला इस बार 24 व 25 जुलाई को आयोजित होगा। दो दिन तक लगने वाले इस मेले के लिए नगर निगम की ओर से दुकानों का आक्शन किया जाएगा। यह आक्शन 21 जुलाई से शुरू होगा जो कि दो दिन चलेगा। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी दोनों जगहों पर करीब 800 दुकानों का आक्शन किया जाएगा। खास बात यह है कि इस बार नगर निगम में जनप्रतिनिधियों का बोर्ड नहीं होने से निगम के अधिकारी व कर्मचारी पूरे मेले का आयोजन करेंगे। मेले के आयोजन को लेकर नगर निगम के अधिकारी तैयारी में जुटे हुए है। नगर निगम कमिश्नर अभिषेक खन्ना ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी नगर निगम हरियाली अमावस्या के मेले का आयोजन करेगा।
लहरिया प्रतियोगिता के लिए निगम कमिश्नर ने निकाला आदेश
हरियाली अमावस्या के दूसरे दिन सखियों के मेले में नगर निगम की ओर से प्रतिवर्ष लहरिया प्रतियोगिता आयोजित की जाती है। इस मेले में महिला पार्षद भाग लेती है लेकिन बोर्ड नहीं होने से इस बार नगर निगम की 10 महिला कर्मचारियों के साथ 10 महिला सफाईकर्मी लहरिया प्रतियोगिता में भाग लेगी और 10 शहर की महिलाओं को भाग लेने के मौका मिलेगा। मेले में प्रतियेागिता स्थल पर एक बॉक्स रखा जाएगा जिसमें शहर की महिलाएं अपना नाम लिखकर उसमे डाल देगी। उसके बाद लक्की ड्रा से 10 नाम निकाले जाएगें और वे 10 महिलाएं लहरिया प्रतियोगिता में भाग ले सकेंगी। कुल 30 महिलाएं प्रतियोगिता में भाग लेगी और उसमें से विजेताओं के नाम घोषित किए जाएगे।