उदयपुर में पिछले कुछ दिनों से लगातार अच्छी बारिश होने की वजह से झीलों में पानी की आवक जारी है। इस बीच रविवार रात को पिछोला झील के पूरी भरने के बाद स्वरूपसागर के चारो गेट 3-3 इंच खोल दिए गए हैं। यहां का पानी आयड नहीं होते हुए उदयसागर झील में पहुंच रहा है। स्वरूपसागर के गेट खुलने की सूचना के बाद सोमवार सुबह से ही शहरवासियों की भीड लग गई। प्रतिवर्ष स्वरूप सागर के गेट खुलने के बाद बहते हुए पानी के मनमोहक नजारों को निहारने के लिए एक दिन में हजारों लोग वहां पहुंच जाते है और झीलों के भरने की खुशी का इजहार करते है।

रंग बिरंगी रोशनी में बहता पानी सभी के लिए होता है आकर्षण का केन्द्र
स्वरूपसागर के गेट खोलने से पहले सिंचाई विभाग की ओर से वहां पर लाइटिंग की जाती है। इससे बहते हुआ पानी रंग बिरंगा दिखाई देता है, जो कि शहरवासियों के लिए आकर्षण का केन्द्र होता है। ऐसे में शाम होते ही लोग स्वरूपसागर पहुंच जाते है और बहते हुए पानी का आंनद लेते है।
फतहसागर झील का जलस्तर पहुंचा करीब 11 फीट
सुप्रसिद्ध फतहसागर झील का जलस्तर करीब 11 फीट पहुंच चुका है। 13 फीट भराव क्षमता वाली फतहसागर झील को अब मदार नहर से आना पानी ही भर सकता है। शहरवासियों को इस बात का इंतजार है कि कब मदार नहर में पानी शुरू होगा और कब तक फतहसागर झील भर जाएगी। दरअसल फतहसागर झील के गेट खोलने के बाद यहां के मनमोहक नजारे को देखने के लिए शहरवासियों की अच्छी खासी भीड होती है। ऐसे में अब लोगों को फतहसागर झील के भरने का इंतजार है।