देश में सुख शांति एवं अच्छी वर्षा की कामना को लेकर उदयपुर में शिव महोत्सव समिति की ओर से मंगलवार को को विशाल कावड यात्रा निकाली गई। इस कावड यात्रा में 11 हजार से ज्यादा कावडिएं शामिल हुए और शिव भक्तों ने आयड के गंगुकुंड से लेकर उभयेश्वर जी महादेव तक कावड लेकर चलने के बाद महादेव का जलाभिषेक किया। शिव महोत्सव समिति के अध्यक्ष यज्ञनारायण शर्मा ने बताया कि यह कावड यात्रा 51 कार्यकर्ताओं के साथ 2006 में अकाल की स्थिति को देखते हुए शुरू की गई।

इसके बाद धीरे—धीरे यह कारवा बढ़ता गया और अब इस कावड यात्रा में हजारों भक्त भाग ले रहे है। उन्होंने यह बताया कि यह 20 वीं कावड़ यात्रा थी। इसमें मंगलवार को प्रातः 8 बजे अतिथियों द्वारा पांच नदियों से लाये गंगा के जल की पूजा अर्चना की गई इसके बाद कावड़ियों द्वारा अपनी—अपनी कावड़ की पूजा की ओर अतिथियों ने कावड यात्रा को रवना किया।
कावड यात्रा के आगे खुली जीप में पीतल के बडे कलश में गंगा जल रखा गया, उसके पीछे डीजे सेट था जिस पर महादेवजी के गाने चल रहे थे। आयड से शुरू हुई कावड यात्रा शहर के विभिन्न मार्गो से होते हुए उभयेश्वरजी महादेव मंदिर पहुंची, जहां पर हजारों भक्तों ने महादेव का जलाभिषेक किया। कावड यात्रा में शामिल होने वाले कावड़िये सफेद बनियान, कुर्ता, धोती एवं कपड़े के बुट एवं महिलाएं पारम्परिक परिधान में शामिल हुई।
कावड यात्रा का जगह—जगह पर हुआ पुष्पों से स्वागत
आयड स्थित गंगुकुंड से रवाना हुई कावड यात्रा का जगह—जगह पर शिव भक्तों ने स्वागत किया। शिव भक्तों ने जेसीबी में खड़े होकर कावडियों पर फूल बरसाए। कावडिएं भी मार्ग में नाचते गाते चलते दिखाई दिए। इस कावड यात्रा में शहर के प्रमुख लोगों के साथ हजारों शिव भक्त स्वेच्छा से शामिल होते है।